ओडिशा में औद्योगिक निवेश को नई ऊंचाई देते हुए अडानी एंटरप्राइजेज और यूएई की इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (IHC) ने राज्य सरकार के साथ ₹1.08 लाख करोड़ की एल्युमिनियम परियोजना के लिए समझौता किया है। इस महत्वाकांक्षी ग्रीनफील्ड परियोजना के माध्यम से ओडिशा को वैश्विक एल्युमिनियम विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

परियोजना में अत्याधुनिक एल्यूमिना रिफाइनरी, एल्युमिनियम स्मेल्टर, कैप्टिव पावर प्लांट और डाउनस्ट्रीम मैन्युफैक्चरिंग पार्क की स्थापना की जाएगी। इससे एल्युमिनियम उत्पादन के साथ-साथ वैल्यू एडिशन और निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा। अनुमान है कि परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 53 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा।

खनिज संसाधनों से समृद्ध ओडिशा लंबे समय से धातु उद्योग का प्रमुख केंद्र रहा है। यह निवेश न केवल राज्य की औद्योगिक क्षमता को मजबूत करेगा, बल्कि ‘मेक इन इंडिया’ और भारत को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे राज्य में सहायक उद्योगों, बुनियादी ढांचे और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे।

By Nirvay

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

loader