भारतीय समाज में सोना सिर्फ एक कीमती धातु नहीं, बल्कि सामाजिक प्रतिष्ठा, पारिवारिक सुरक्षा और भविष्य की आर्थिक मजबूती का प्रतीक माना जाता है। विवाह, त्योहार और शुभ अवसरों पर सोने की खरीद वर्षों से परंपरा का हिस्सा रही है। लेकिन आज हालात बदलते नजर आ रहे हैं। रिकॉर्ड ऊंची कीमतों ने आम लोगों की पहुंच से नया सोना दूर कर दिया है। परिणामस्वरूप बाजार में खरीद घट रही है, जबकि पुराने गहनों की बिक्री लगातार बढ़ रही है। यह बदलाव केवल बढ़ती कीमतों की कहानी नहीं, बल्कि आम परिवारों की आर्थिक चुनौतियों का आईना भी है। महंगाई, शिक्षा और स्वास्थ्य पर बढ़ता खर्च, सीमित आय तथा भविष्य की अनिश्चितताओं ने लोगों को अपनी बचत के तरीके बदलने पर मजबूर कर दिया है। कई परिवार ऊंचे दाम का फायदा उठाकर पुराने आभूषण बेच रहे हैं और गैर-जरूरी खरीदारी से बच रहे हैं। इसका असर सिर्फ सर्राफा बाजार तक सीमित नहीं है। ज्वेलरी उद्योग, छोटे कारोबारियों, कारीगरों और लाखों श्रमिकों की आय भी प्रभावित हो रही है। सोना आज भी भारतीयों के विश्वास का आधार है, लेकिन वर्तमान आर्थिक परिस्थितियां यह संकेत दे रही हैं कि जब जेब पर दबाव बढ़ता है, तब परंपराएं भी व्यवहारिक जरूरतों के सामने पीछे छूट जाती हैं। Post navigation ISRO Bengaluru receives Bomb Threat Via Email; Evacuation and Search operation launched Amarnath Yatra begins as first batch of Pilgrims heads to holy cave