मीडिया और सोशल मीडिया पर कुछ रिपोर्टों में गलत तरीके से यह कहा गया है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान छह बहादुर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को हाल ही में पहली बार मान्यता दी गई या सार्वजनिक रूप से सामने लाया गया। भारत सरकार ने यह स्पष्ट किया है की देश ने इन शहीद नायकों को उन रिपोर्टों के आने से बहुत पहले ही, सबसे पहले मिले मौके पर ही श्रद्धांजलि दी थी। 11 मई, 2025 को हुई आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, तत्कालीन डायरेक्टर जनरल ऑफ़ मिलिट्री ऑपरेशन्स ने इन बहादुर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और विशेष रूप से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान ड्यूटी पर उनके बलिदान को मान्यता दी। इन बहादुर सैनिकों को वीरता पुरस्कार दिए गए और इसकी जानकारी 14 अगस्त, 2025 की प्रेस विज्ञप्ति में प्रकाशित की गई थी। यह भारतीय रक्षा बलों की सर्वोच्च परंपराओं के अनुरूप उनके साहस और सर्वोच्च बलिदान की औपचारिक और राष्ट्रीय मान्यता थी। छह शहीद सैनिक हैं: सूबेदार मेजर पवन कुमार, राइफलमैन सुनील कुमार, लांस नायक दिनेश कुमार, हवलदार सुनील कुमार सिंह, एयर फ़ोर्स सार्जेंट सुरेंद्र कुमार और अग्निवीर मुरली नाइक। साथ ही, भारतीय सेना के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी बिना किसी देरी के इन बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद भी देश इन नायकों को सम्मान देता रहा है। 15 जनवरी, 2026 को जयपुर में आयोजित आर्मी डे परेड के दौरान, सेना प्रमुख ने इनमें से तीन बहादुर सैनिकों के परिवारों को सेना मेडल (वीरता) प्रदान किया, जबकि वायु सेना प्रमुख ने 08 अक्टूबर, 2025 को एक गरिमापूर्ण समारोह में ऐसा ही किया। इससे देश की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वालों का सम्मान करने के प्रति रक्षा बलों की अटूट प्रतिबद्धता फिर से साबित हुई। नेशनल वॉर मेमोरियल पर शहीद सैनिकों के नाम अंकित करने के संबंध में, इस बात पर ज़ोर दिया जाता है कि यह पवित्र प्रक्रिया एक स्थापित और स्पष्ट प्रोटोकॉल के तहत होती है। रक्षा बल इन तय प्रक्रियाओं का पूरी सावधानी, ध्यान और सम्मान के साथ पालन करते हैं, जो दिए जा रहे सम्मान की गरिमा के अनुरूप होता है। यह कहना कि उचित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया, तथ्यात्मक रूप से गलत है। यह खेदजनक है कि इस मुद्दे को लेकर एक अनावश्यक और बेबुनियाद विवाद खड़ा हो गया है। इस तरह की बातें न केवल तथ्यों को गलत तरीके से पेश करती हैं, बल्कि शोक-संतप्त परिवारों को अनावश्यक पीड़ा पहुँचाने और देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वालों के सम्मान को कम करने का जोखिम भी पैदा करती हैं। सभी संबंधित लोगों से आग्रह है कि वे शहीद सैनिकों से जुड़े मामलों की रिपोर्टिंग करते समय जिम्मेदारी और संयम बरतें और बिना पुष्टि की गई जानकारी न फैलाएं। भारतीय रक्षा बल देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले हर सैनिक का सम्मान करने के अपने संकल्प पर अडिग है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के छह बहादुर सैनिक राष्ट्रीय नायक हैं, जिनका साहस, कर्तव्य के प्रति समर्पण और बलिदान भारतीयों की पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। उनकी याद को हमेशा उस सम्मान, कृतज्ञता और श्रद्धा के साथ संजोया जाएगा, जिसके वे हकदार हैं। Post navigation PM Modi lands in Seychelles, will attend Golden Jubilee celebrations