Major Action Ahead of CJP Protest: Abhijit Dipke Saurav Das and Ashutosh Ranka Detained at Delhi Airport
CJP के प्रस्तावित आंदोलन से पहले दिल्ली पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की है । पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया। ये तीनों नेता दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित होने वाले प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए राजधानी पहुंचे थे।
 
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर क्रॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है। इस आंदोलन में शामिल होने के लिए पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक दिल्ली पहुंच रहे हैं। वहीं, पुलिस ने प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
 
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पहुंचने से पहले राजीव चौक पर 600 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। इसके अलावा, मुंबई से दिल्ली पहुंचे अभिजीत दीपके को भी एयरपोर्ट पर रोक लिया गया। वहीं, यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके आवास पर हिरासत में लिए जाने की खबर है।
 
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जनपथ और कर्तव्य पथ चौराहे के चार किलोमीटर के दायरे में रात 10 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रखने का आदेश दिया गया है।
 
इस प्रतिबंध से कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, प्रगति मैदान, गुरुद्वारा बंगला साहिब, बाराखंभा रोड, खान मार्केट, लोधी रोड और जंगपुरा के कुछ हिस्से या पूरे इलाके प्रभावित हो सकते हैं।
 
इसके अलावा, दिल्ली आने वाली ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ा है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 60 से अधिक ट्रेनों को रद्द किया गया है। ये ट्रेनें शनिवार सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने वाली थीं।

By Nirvay

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *